Type Here to Get Search Results !

अरवल में ड्राइवर एसोसिएशन ऑफ बिहार का धरना-प्रदर्शन, 10 सूत्री मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन


अरवल। ड्राइवर एसोसिएशन ऑफ बिहार के बैनर तले सोमवार को अरवल जिले के प्रखंड परिसर में व्यावसायिक ड्राइवरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में जिले के बड़ी संख्या में ड्राइवरों ने भाग लेते हुए एकजुटता के साथ अपनी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा।

धरना के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ड्राइवर समाज कई तरह की सामाजिक, आर्थिक और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहा है। इन समस्याओं के समाधान के लिए संगठन द्वारा 10 सूत्री मांग पत्र तैयार कर जिला प्रशासन को सौंपा गया। संगठन का कहना है कि ड्राइवरों के हितों की रक्षा और उनके अधिकारों के लिए सरकार का ध्यान आकर्षित करना आवश्यक है।

धरना कार्यक्रम के बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला पदाधिकारी श्रीमती अमृता बैंस को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की अपील की। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आने वाले समय में देशभर के ड्राइवर “स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन” शुरू करने के लिए बाध्य होंगे।

ड्राइवरों की प्रमुख मांगों में सड़क दुर्घटना में मृत ड्राइवरों को आपदा श्रेणी में शामिल करना, ड्राइवरों और उनके परिवारों के लिए कल्याण कोष, दुर्घटना बीमा, पेंशन योजना, बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था, सड़क सुरक्षा तथा ड्राइवरों के लिए सुरक्षा कानून लागू करना शामिल है।

संगठन के नेताओं ने कहा कि ड्राइवर समाज देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उनकी सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित करने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।

धरना-प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष रामविनय कुमार पासवान, जिला सचिव बबन यादव, मीडिया प्रभारी इंद्रजीत कुशवाहा, उपसचिव एमडी मनवर आलम, जिला संगठन मंत्री दिनेश यादव, जिला उपाध्यक्ष सुशील कुमार तिवारी, जिला संचालन सुभाष कुमार तथा कोषाध्यक्ष जय कुमार पटेल सहित कई ड्राइवर और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes

Hollywood Movies