अरवल। खेलो इंडिया के तहत ओड़िशा में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की पेनचक सिलाट (ईस्ट जोन) प्रतियोगिता में अरवल जिले के पायस मिशन स्कूल की छात्रा काजल कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया है। काजल कुमारी विद्यालय की वर्ग तृतीय की छात्रा हैं और उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे जिले में खुशी का माहौल है।
बताया गया कि इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जिसमें काजल कुमारी ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया और रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस सफलता से विद्यालय, अभिभावकों और जिले का नाम रोशन हुआ है।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि पायस मिशन स्कूल में पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद की भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। यही कारण है कि यहां के छात्र-छात्राएं पिछले कई वर्षों से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर पदक जीतते आ रहे हैं।
इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्राचार्या सोनम मिश्रा ने काजल कुमारी को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि काजल की सफलता अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
इस मौके पर विद्यालय के सह निदेशक अशोक कुमार, समन्वयक प्रेम राजवंश, शिक्षक श्याम सुन्दर शर्मा, कविता शर्मा सहित अन्य शिक्षक भी उपस्थित रहे और छात्रा को शुभकामनाएं दीं।

