अरवल। जिले के सकरी खुर्द पंचायत के परासी थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित गोरकट्टा विद्यालय से लोहे के बने शौचालय के गबन का मामला सामने आया है। इसको लेकर सकरी खुर्द गांव के ग्रामीणों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) अरवल को आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में कुछ वर्ष पूर्व स्वच्छता अभियान के तहत लोहे से निर्मित शौचालय बनाया गया था। लेकिन विद्यालय के तत्कालीन प्रधानाध्यापक उपेंद्र यादव द्वारा उक्त लोहे के शौचालय को कबाड़ी के भाव बाजार में बेच दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यह सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग और गबन का गंभीर मामला है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस संबंध में करीब तीन महीने पहले भी जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवेदन देकर जांच की मांग की गई थी, लेकिन अब तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। जिस कारण ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
सोमवार को एक बार फिर गांव के कई लोगों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन जिला शिक्षा पदाधिकारी को सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मामले की सही तरीके से जांच की जाती है तो सच्चाई सामने आएगी और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।

