अरवल: पटना–अरवल रोड स्थित असेंबली ऑफ गॉड स्कूल ऑफ एजुकेशन, सकरी, अरवल में शुक्रवार को बच्चों द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी एवं फूड फेयर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी श्री संजीव कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में छात्रों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए आकर्षक विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए। बच्चों ने इसरो के चंद्रयान–3 मिशन का मॉडल बनाकर चंद्रमा पर जीवन की संभावनाओं और वैज्ञानिक तकनीकों को सरल तरीके से समझाया। साथ ही डीएनए के माध्यम से मानव और अन्य जीवों में कोशिकाओं के विकास का महत्व भी बताया गया।
छात्रों ने डिजास्टर अलार्म, बाढ़ और भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव, रेलवे ट्रैक सुरक्षा जैसे विषयों पर उपयोगी मॉडल प्रस्तुत किए। जापान के हिरोशिमा और नागासाकी पर हुए परमाणु हमले का प्रभाव दिखाकर शांति का संदेश भी दिया गया। इसके अलावा जल संरक्षण, हाइड्रो पावर से बिजली उत्पादन, कचरे से ऊर्जा निर्माण और कार्बन डाइऑक्साइड के उपयोग जैसे विषयों पर भी मॉडल प्रदर्शित किए गए।
विज्ञान प्रदर्शनी के साथ-साथ फूड फेयर में बच्चों ने विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर अपनी रचनात्मकता दिखाई। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिसने माहौल को और भी जीवंत बना दिया।
विद्यालय के निदेशक अशोक कुमार, प्राचार्य रमेश शर्मा और प्रबंधक रंजना कुमारी ने अतिथियों को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री संजीव कुमार ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी बच्चों को किताबों से बाहर निकालकर वास्तविक दुनिया से जोड़ती है। इतनी कम उम्र में बच्चों की इतनी बड़ी सोच और वैज्ञानिक समझ सराहनीय है।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान और नवाचार से जोड़ा जाता है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास संभव हो सके।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे और बच्चों के प्रयासों की सराहना की।

