Type Here to Get Search Results !

पायस मिशन स्कूल में दीपावली की पूर्व संध्या पर हुआ भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम

पायस मिशन स्कूल में दीपावली की पूर्व संध्या पर हुआ भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम
छात्र-छात्राओं ने रामायण के पात्रों को किया जीवंत, रंगोली प्रतियोगिता में दिखी अद्भुत कला

अरवल। पायस मिशन स्कूल के प्रांगण में शनिवार, दिनांक 18 अक्टूबर 2025 को दीपावली की पूर्व संध्या पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीराम, माता सीता और रावण जैसे पौराणिक पात्रों को मंच पर जीवंत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रामायण नाट्य रूपांतरण में “सीता हरण” और “रावण वध” जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों को बड़े ही सजीव तरीके से प्रदर्शित किया गया। इस नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों ने यह संदेश दिया कि असत्य पर सदा सत्य की ही विजय होती है।

इसके साथ ही वर्ग नवम् की छात्रा मुस्कान ने माता काली के स्वरूप में ‘रक्तबीज वध’ का दृश्य प्रस्तुत कर उपस्थित सभी दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विद्यालय के निदेशक राज कुमार ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि — “आज बच्चों ने अपने अभिनय के माध्यम से उन पात्रों को सजीव कर दिया, जिन्हें हम अब तक केवल पर्दे पर ही देखते आए थे।”

कार्यक्रम में बिहार के लोकपर्व छठ महापर्व की झलक भी छात्राओं ने शानदार नृत्य और प्रस्तुति के माध्यम से दिखाई, जिससे पूरा माहौल भक्ति और उल्लास से भर उठा।

दीपावली के शुभ अवसर पर विद्यालय प्रांगण में रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी वर्गों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रंग-बिरंगी रंगोलियों ने परिसर की सुंदरता में चार चाँद लगा दिए।

निदेशक राज कुमार ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को न केवल शिक्षा देना है, बल्कि अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चे मोबाइल की दुनिया में उलझते जा रहे हैं, इसलिए ऐसे कार्यक्रम उनके भीतर भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता पैदा करते हैं।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या सोनम मिश्रा, समन्वयक प्रेम राजवंश, शिक्षक श्याम सुन्दर शर्मा, कविता शर्मा समेत विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes

Hollywood Movies