Type Here to Get Search Results !

दिल्ली पब्लिक स्कूल में भव्य विज्ञान प्रदर्शनी, 100 से अधिक प्रोजेक्ट्स ने जीता दिल


अरवल बैदराबाद तेजपुरा स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल परिसर में भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों की प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस प्रदर्शनी में 100 से अधिक मॉडल और प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए गए, जिन्हें देखने के लिए हजारों की संख्या में अभिभावक, छात्र-छात्राएं और शहर के गणमान्य लोग पहुंचे।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन नगर परिषद अध्यक्ष साधना कुमारी, समाजसेवी ममता विक्रम, जिला परिषद सदस्य ऋषि कला सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने सभी स्टॉलों का भ्रमण कर विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट्स की सराहना की।

प्रदर्शनी में ‘ब्लाइंड मैन सिक्योरिटी गॉगल्स’, ‘फ्लोटिंग हाउस’, ‘फ्यूचर डीपीएस कैंपस’, ‘एयर पॉल्यूशन कंट्रोल सिस्टम’, ‘ऑर्गेनिक फार्मिंग’, ‘ह्यूमन हार्ट मॉडल’, ‘ड्रोन’, ‘स्मार्ट सिटी’, ‘ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम’, ‘सिक्योरिटी अलार्म सिस्टम’, ‘सोलर सिस्टम’, ‘विंड टर्बाइन’, ‘कचरे से बिजली उत्पादन’, ‘स्मार्ट विलेज’, ‘मिशन मार्स’, ‘रोबोट’ और ‘चंद्रयान-3’ जैसे अत्याधुनिक और उपयोगी प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित किए गए। इन मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत, तकनीकी नवाचार और भविष्य की संभावनाओं का जीवंत प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार, समाजसेवी विक्रम सिंह, सेवानिवृत्त शिक्षक राम ध्यान सिंह, जयप्रकाश नारायण यादव, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुनील शर्मा, राष्ट्रीय जनता दल के नेता प्रवीण यादव, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता इंजीनियर संजय कुमार, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के रविंद्र राम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों को विद्यालय प्रबंधन द्वारा शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि इस प्रकार की विज्ञान प्रदर्शनी विद्यार्थियों के अंदर वैज्ञानिक सोच, नवाचार और आत्मविश्वास को बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि बच्चों द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्ट्स उनके उज्ज्वल भविष्य और देश के वैज्ञानिक विकास की दिशा में सकारात्मक संकेत देते हैं।

प्रदर्शनी को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों में काफी उत्साह देखने को मिला और पूरे परिसर में ज्ञान, जिज्ञासा और नवाचार का माहौल बना रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes

Hollywood Movies