Type Here to Get Search Results !

अरवल विधायक महानंद सिंह 6 अक्टूबर को पेश करेंगे 5 साल का रिपोर्ट कार्ड, दीपांकर भट्टाचार्य करेंगे लोकार्पण

अरवल विधायक महानंद सिंह 6 अक्टूबर को पेश करेंगे 5 साल का रिपोर्ट कार्ड, दीपांकर भट्टाचार्य करेंगे लोकार्पण
उसरी में अस्पताल निर्माण पर अड़ंगा, विधायक बोले– विकास विरोधी हैं भाजपा नेता

अरवल। भाकपा माले के अरवल विधायक महानंद सिंह द्वारा पांच वर्षों का कार्यकाल रिपोर्ट कार्ड जारी करने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। यह रिपोर्ट कार्ड आगामी 6 अक्टूबर को आयोजित एक समारोह में जारी किया जाएगा, जिसका लोकार्पण भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य करेंगे।

इसी क्रम में विधायक समेत पार्टी नेताओं ने शनिवार को कई गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए आम जनता से अपील की।

शनिवार को शेखपुरा गांव में शहीद कामरेड नागेंद्र वर्मा की बरसी भी मनाई गई। नागेंद्र वर्मा की 1994 में सामंती ताकतों द्वारा हत्या कर दी गई थी। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि जनता ने हमेशा संघर्ष के बल पर अपने अधिकार हासिल किए हैं। आज जब लोकतंत्र और संविधान पर बीजेपी का खतरा मंडरा रहा है, तो इसके खिलाफ संगठित होकर संघर्ष करने का संकल्प लेना होगा।

उसरी में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक महानंद सिंह ने भाजपा नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उसरी बाजार में अस्पताल निर्माण की प्रक्रिया को भाजपा समर्थित लोगों ने रोक दिया है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग विकास विरोधी हैं और जनता की बुनियादी जरूरतों को पूरा होने से रोकना चाहते हैं।

विधायक ने कहा कि पहले के दौर में लोग अस्पताल और स्कूल के लिए जमीन दान किया करते थे, लेकिन आज के भाजपा नेता सरकारी जमीन को हड़पने में लगे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि कलेर अंचलाधिकारी द्वारा दी गई अनापत्ति प्रमाण पत्र के बावजूद रोके गए अस्पताल निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराया जाए।

भाकपा माले विधायक ने आरोप लगाया कि जब से भाजपा का प्रभाव शासन में बढ़ा है, नीतीश कुमार का नियंत्रण कमजोर हुआ है और राज्य में अपराध, गुंडागर्दी और दमन में वृद्धि हुई है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बम्बई गांव में मजदूरी मांगने पर एक चंद्रवंशी मजदूर की पिटाई कर दी गई। वहीं नवादा और गया के कई गांवों में मजदूरी मांगने वाले मजदूरों की हत्या तक कर दी गई। यह सब भाजपा शासन में बढ़ते अत्याचार का प्रमाण है।

सभा की अध्यक्षता पूर्व जिला पार्षद मधेश्वरा प्रसाद ने की। इस मौके पर जिला सचिव जितेंद्र यादव, सुरेंद्र प्रसाद, देवमंदिर सिंह, प्रमोद रविदास समेत कई नेताओं ने सभा को संबोधित किया।

सतवीर सिंह।। अरवल।।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes

Hollywood Movies