Type Here to Get Search Results !

अरवल में शुरू हुआ राजस्व महाअभियान, डीएम ने सदर प्रखंड से की शुरुआत


अरवल। जिले में आज से राजस्व महाअभियान की औपचारिक शुरुआत हो गई। समाहर्ता (डीएम) कुमार गौरव ने अरवल सदर से इस अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कई भूस्वामियों को जमाबंदी पंजी की प्रतियां वितरित कीं।

यह विशेष अभियान 16 अगस्त से 20 सितंबर 2025 तक चलेगा। इस अवधि में भूमि संबंधी त्रुटियों का निराकरण, छूटी हुई जमाबंदी का ऑनलाइन अंकन, उत्तराधिकार नामांतरण तथा संयुक्त संपत्ति के बंटवारे से जुड़े मामलों का समाधान किया जाएगा।

अभियान की मुख्य बातें

हर घर तक जमीन से जुड़े सुधारों की सुविधा पहुंचेगी।
नाम, खाता, खेसरा, रकबा और लगान जैसी त्रुटियों को दुरुस्त किया जाएगा।
रैयतों की मृत्यु के बाद उत्तराधिकारियों के नाम पर जमाबंदी कराई जाएगी।
संयुक्त संपत्ति के मौखिक बंटवारे को कानूनी रूप से दर्ज कर अलग-अलग जमाबंदी बनाई जाएगी।


डीएम ने बताया कि घर-घर जाकर राजस्व कर्मी प्रपत्र वितरित करेंगे और तीन दिन बाद उनसे भरे हुए प्रपत्र एकत्र करेंगे। इसके बाद पंचायतवार शिविर लगाकर आवेदन का त्वरित निष्पादन किया जाएगा।

नियंत्रण कक्ष और अनुश्रवण व्यवस्था

डीएम ने अपर समाहर्ता को जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित करने का निर्देश दिया है। यहां से रोजाना संध्या में सभी अंचल अधिकारियों से प्रतिवेदन प्राप्त कर वितरण एवं संग्रहण की प्रगति का अनुश्रवण किया जाएगा।

पंचायतवार शिविर

20 अगस्त से प्रत्येक पंचायत में हल्कावार विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इनमें आवेदन पत्र, जरूरी कागजातों के साथ स्वीकार किए जाएंगे। प्रत्येक हल्का में सात दिन के अंतराल पर कम से कम दो तिथियों में शिविर आयोजित होंगे।

जानकारी और सुविधा

इस अभियान से लाखों रैयतों को सीधा लाभ होगा। अधिक जानकारी के लिए नागरिक राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की वेबसाइट और विभाग के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपडेट प्राप्त कर सकते हैं।

डीएम कुमार गौरव ने कहा कि अभियान के प्रत्येक चरण में समयबद्धता, पारदर्शिता और नागरिक सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

रिपोर्ट सतवीर सिंह 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes

Hollywood Movies