संविधान और लोकतंत्र पर भाजपा-आरएसएस के हमलों के खिलाफ संघर्ष की आवश्यकता पर जोर

भाकपा माले राज्य स्थायी समिति सदस्य और अरवल विधायक महानंद सिंह के नेतृत्व में आज सोनबरसा पंचायत के पूर्व मुखिया अशोक सिंह कुशवाहा, टीपन सिंह कुशवाहा, उग्रेस पटेल, चांद गोविंद विश्वकर्मा, अर्जुन राम, जीतन राम, मनोज तिवारी, राजू पटेल, राजन पटेल, पवन कुमार, राम विनय कुशवाहा, संजू देवी, मुकेश कुमार गुप्ता समेत अन्य कई समाजसेवी और कार्यकर्ता भाकपा माले की सदस्यता ग्रहण की।
यह सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम अरवल में आयोजित किया गया, जिसमें भाकपा माले के जिला सचिव जितेंद्र यादव और अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने बताया कि भाजपा और आरएसएस द्वारा संविधान और लोकतंत्र को खतरे में डालने की कोशिशें की जा रही हैं, और ऐसे समय में संघर्षशील पार्टी भाकपा माले ही है, जिसके साथ जुड़कर लोकतंत्र की रक्षा की जा सकती है।
अरवल विधायक महानंद सिंह और माले जिला सचिव जितेंद्र यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि बिहार आज बदलाव के दौर से गुजर रहा है। भाजपा और जदयू की सरकार में प्रशासनिक भ्रष्टाचार और घूसखोरी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। किसानों के लिए खाद की बिक्री में धांधली हो रही है, साथ ही उन किसानों की ज़मीन छीनने की साजिशें भी चल रही हैं, जो 1955 से खेती कर रहे हैं।
दोनों नेताओं ने आगे कहा कि इस स्थिति में, व्यापक किसान और मजदूर वर्ग को एकजुट होकर इस भ्रष्ट और कॉर्पोरेट परस्त सरकार के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।
इस मौके पर भाकपा माले के जिला कमेटी के सदस्य गणेश यादव, पैक्स अध्यक्ष रामकुमार सिन्हा और अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे। सभी ने माले में शामिल होने वाले सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए बदलाव की लड़ाई में और अधिक लोगों को शामिल होने की अपील की।