अरवल। समाहरणालय परिसर में सोमवार को जिला पदाधिकारी अमृता बैंस की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए कुल 9 फरियादियों ने अपनी समस्याओं से डीएम को अवगत कराया। जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि विवाद, अतिक्रमण, जीविका, नगर परिषद से जुड़ी समस्याएं, भूमि सुधार उपसमाहर्ता कार्यालय, अंचलाधिकारी कार्यालय, आपदा प्रबंधन एवं अन्य विभागों से संबंधित मामले सामने आए।
जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं क्रमवार डीएम के समक्ष रखीं। इनमें से कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाए।
कुर्था प्रखंड के एक किसान ने अपने खेत में लगी आग से हुए नुकसान के मुआवजे की मांग की। उन्होंने बताया कि 9 दिसंबर 2024 को उनके गेहूं के खेत में आग लग गई थी, जिसके मुआवजे के लिए सभी दस्तावेज अंचल कार्यालय में जमा किए गए हैं, लेकिन अब तक भुगतान नहीं हुआ है। इस पर डीएम ने जिला कृषि पदाधिकारी और आपदा प्रबंधन विभाग को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
वहीं अरवल प्रखंड के शाही मुहल्ला निवासी एक व्यक्ति ने नीजी जमीन पर बनाए जा रहे जनक पार्क को रोकने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी निजी जमीन पर बिना सहमति के जलमीनार का निर्माण कराया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने अंचलाधिकारी को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार के अंत में डीएम ने कहा कि प्रशासन आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और हर शिकायत का निष्पक्ष तरीके से निपटारा किया जाएगा।

