Type Here to Get Search Results !

व्यवसायियों ने उठाई भाजपा के जिलाध्यक्ष को पार्टी से निष्काषित करने की मांग

अरवल। शहर में लगातार बढ़ती रोड जाम की समस्या को लेकर व्यवसायियों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। 24 जनवरी को अरवल मुख्यालय का बाजार बंद रखकर व्यवसायियों ने अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठाया था। इस बंदी को दवा व्यवसायी संघ सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों का भी पूर्ण समर्थन मिला था।

बंदी के दौरान व्यवसायियों ने मुख्य रूप से बालू लदे ट्रकों के लिए नो-एंट्री लागू करने, बाजार क्षेत्र में पार्किंग स्थल चिन्हित करने तथा प्रेशर हॉर्न पर रोक लगाने की मांग उठाई थी। व्यवसायियों का कहना है कि रोजाना लगने वाले जाम से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। स्कूली बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं और मरीजों को अस्पताल पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई मामलों में जाम में फंसे मरीजों की जान भी जा चुकी है तथा सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं भी बढ़ी हैं।

इसी मुद्दे पर अरवल चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अमितेश कुमार उर्फ मंटू के नेतृत्व में व्यवसायियों ने भाजपा के जिलाध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। व्यवसायियों का आरोप है कि जहां एक ओर वे जाम जैसी गंभीर समस्या को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष ने बंदी को विफल बताकर व्यापारियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।

व्यवसायियों ने कहा कि भाजपा के कोर वोटर माने जाने वाले व्यापारी वर्ग को इस तरह के बयान से आहत किया गया है। उन्होंने इसे राजनीतिक संवेदनहीनता बताते हुए जिलाध्यक्ष को पार्टी से निष्कासित करने की मांग की है।

चैंबर ऑफ कॉमर्स के संरक्षक अंगद कुमार ने कहा कि एक ओर भाजपा के ही अरवल विधायक मनोज शर्मा बिहार विधानसभा में जाम की समस्या को उठाकर बाईपास सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जिलाध्यक्ष के बयान इस समस्या को नकारने वाले हैं, जो पूरी तरह विरोधाभासी है।

व्यवसायियों ने जिलाध्यक्ष से अपने बयान वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि ऐसे बयानों से पार्टी के समर्पित समर्थक आहत हो रहे हैं और इससे भाजपा व एनडीए के कोर वोटर प्रभावित हो सकते हैं।

धरना-प्रदर्शन के दौरान चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव रविकांत उर्फ पिंकू गुप्ता, दवा व्यवसायी संघ के अध्यक्ष अरविंद कुमार, कोषाध्यक्ष गौरव चौरसिया, मो. शमशाद आलम, मो. सहजाद आलम, रंजन चौरसिया, विश्वनाथ प्रसाद, मो. सागीर आलम सहित बड़ी संख्या में व्यवसायी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes

Hollywood Movies