Type Here to Get Search Results !

कुर्था में भव्य रोजगार सह–मार्गदर्शन मेला आयोजित, 45 युवाओं को मौके पर मिला ऑफर लेटर

अरवल। जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस के निर्देशानुसार कुर्था प्रखंड परिसर स्थित सिंचाई विभाग कैंपस में गुरुवार को दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत भव्य रोजगार सह–मार्गदर्शन मेला आयोजित किया गया। आयोजन जीविका, प्रखंड परियोजना क्रियान्वयन इकाई कुर्था द्वारा किया गया, जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जीविका की जिला परियोजना प्रबंधक रागिनी कुमारी, कुर्था की प्रखंड विकास पदाधिकारी निशा कुमारी एवं प्रखंड परियोजना प्रबंधक चंदन कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि जीविका द्वारा आयोजित ऐसे रोजगार मेले बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा अवसर हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए द्वार खुल रहे हैं और युवाओं में आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत हो रही है।

मेले में दिनभर युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी। विभिन्न काउंटरों पर युवाओं ने कंपनियों एवं प्रशिक्षण संस्थानों से रोजगार और प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान पहले से विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत युवक-युवतियों को सम्मानित किया गया तथा चयनित 45 युवाओं को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए गए।

इस रोजगार मेले में कुल 18 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें टाटा मोटर्स क्वेस कॉर्प लिमिटेड, एलएनजे, सेफ एक्सप्रेस, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, रस्तोगी एजुकेशनल सोसाइटी, एक्सजेंट और अरविंद लिमिटेड प्रमुख रहीं। प्रशिक्षण सह रोजगार के लिए तीन प्रोजेक्ट इम्प्लीमेंटिंग एजेंसियाँ तथा स्वरोजगार हेतु पीएनबी आरसेटीआई और डीआरसीसी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

आंकड़ों के अनुसार कुल 1130 युवाओं ने मेले में पंजीकरण कराया, जिनमें से 316 युवाओं का प्रत्यक्ष रोजगार हेतु निबंधन हुआ। वहीं 48 युवाओं ने डीआरसीसी और 90 युवाओं ने पीएनबी आरसेटीआई में प्रशिक्षण सह स्वरोजगार के लिए पंजीकरण कराया। इसके अतिरिक्त 234 युवाओं ने विभिन्न कंपनियों में प्रशिक्षण के लिए आवेदन किया।

कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक रागिनी कुमारी ने दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत संचालित प्रशिक्षण एवं रोजगार कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान अरवल के पीएनबी के लीड जिला प्रबंधक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

मेले में जिले के सभी प्रखंडों से आए युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में रोजगार प्रबंधक नीलम कुमारी, युवा पेशेवर (जॉब्स) पूजा कुमारी, स्वास्थ्य एवं पोषण प्रबंधक संगीता कुमारी सहित जीविका के कई अधिकारी और सैकड़ों जीविका दीदियाँ मौजूद रहीं। मंच संचालन लाल बाबू द्वारा किया गया।

यह रोजगार सह–मार्गदर्शन मेला जिले के युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है। जीविका द्वारा भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes

Hollywood Movies