Type Here to Get Search Results !

अरवल में घूसखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, सहायक अवर निरीक्षक गिरफ्तार


अरवल। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। ब्यूरो की टीम ने 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ एक पुलिस अधिकारी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अधिकारी की पहचान श्री मो. मुजतबा अली के रूप में हुई है, जो वंशी थाना, जिला अरवल में सहायक अवर निरीक्षक के पद पर तैनात थे।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई दिनांक 17 दिसंबर 2025 को की गई। शिकायतकर्ता मुकेश कुमार, पिता राम प्रवेश पासवान, निवासी कुसमांव, थाना वंशी, जिला अरवल ने ब्यूरो कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि वंशी थाना कांड संख्या 80/25 में आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित करने के एवज में सहायक अवर निरीक्षक द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है।

शिकायत की सत्यता की जांच के बाद आरोप सही पाए गए। इसके उपरांत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक श्री मो. वसीम फिरोज के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया। योजना के तहत आरोपी को वंशी थाना मोड़ के पास 5,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के समय आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं।

निगरानी ब्यूरो ने बताया कि आरोपी के खिलाफ निगरानी थाना कांड संख्या 108/25, दिनांक 11.12.2025 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है। पूछताछ के उपरांत उसे माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में प्रस्तुत किया जाएगा।

इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि राज्य सरकार और निगरानी अन्वेषण ब्यूरो भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहे हैं। आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि कोई सरकारी कर्मी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत निगरानी ब्यूरो को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes

Hollywood Movies