अरवल। हिमालयन रेजिडेंशियल स्कूल उमैराबाद, अरवल के प्रांगण में एक दिवसीय वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वर्ग 3 से वर्ग 9 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास और वक्तृत्व कला का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
विद्यालय द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल की सर्वसम्मति से प्रतियोगिता का परिणाम विद्यालय की असेंबली में घोषित किया गया। वर्ग 3 से 5 के बीच शिवानी कुमारी (4-B) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अंकिता कुमारी (3-A) द्वितीय और सुहानी कुमारी (4-A) तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं वर्ग 6 से 9 के अंतर्गत साहिल राज (8-B) ने प्रथम, हरिओम कुमार (9-A) ने द्वितीय स्थान हासिल किया। तृतीय स्थान पर खुशी कुमारी (8-B), आदर्श कुमार (9-A) और रितिका कुमारी (8-B) संयुक्त रूप से चयनित हुए।
सभी सफल प्रतिभागियों को सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि रेल संघर्ष समिति के मुख्य संयोजक मनोज यादव के कर-कमलों से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया, जिससे माहौल और भी भावनात्मक व प्रेरणादायक बन गया।
मुख्य अतिथि मनोज यादव ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की जमकर सराहना करते हुए शिक्षकों को भी इस सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। विद्यालय के निदेशक रंजीत कुमार सिंह, प्रधानाचार्य अशोक कुमार मिश्रा, विद्यालय प्रभारी आदित्य राज, उप प्रधानाचार्य कुलदीप कुमार मेहता एवं स्टडी इंचार्ज रंजीत कुमार द्वारा मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र एवं पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय प्रभारी आदित्य राज ने किया। इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय प्रशासन, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों का योगदान सराहनीय रहा। प्रतियोगिता ने न सिर्फ छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ाया बल्कि शैक्षणिक वातावरण को भी प्रेरणादायक बना दिया।

