Type Here to Get Search Results !

बिजनौर में चंद्रशेखर–रोहिणी विवाद उफान पर, X पर धमाकेदार पोस्ट से मचा सियासी हड़कंप


बिजनौर: वेस्ट यूपी की नगीना लोकसभा सीट से सांसद और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद तथा उनकी कथित पूर्व महिला मित्र डॉक्टर रोहिणी घावरी के बीच चल रहा विवाद लगातार गहराता जा रहा है। स्विट्जरलैंड में रह रहीं रोहिणी रोजाना सोशल मीडिया पर चंद्रशेखर के खिलाफ गंभीर आरोप लगा रही हैं। शनिवार को उन्होंने X (पूर्व ट्विटर) पर लगातार तीन पोस्ट डालकर सियासी गलियारों में खलबली मचा दी।

शनिवार दोपहर की पहली पोस्ट में रोहिणी ने चंद्रशेखर की 26 नवंबर को मुजफ्फरनगर में होने वाली रैली में पहुंचने का ऐलान कर सनसनी फैला दी। उन्होंने लिखा, “मंच चंद्रशेखर का, लोग चंद्रशेखर के, लेकिन संविधान की शपथ मैं लूंगी। इसे जेल जरूर भेजूंगी। यदि किसी ने मुझे हाथ भी लगाया तो पूरा देश देखेगा कि महिला सम्मान क्या होता है।” इस बयान ने सोशल मीडिया पर बड़ी हलचल पैदा कर दी।

दूसरी पोस्ट में रोहिणी ने दावा किया कि चंद्रशेखर ने उनके माता-पिता को जेल भेजने की धमकी दी है। उन्होंने सांसद को “धोखेबाज” और “एहसान फरामोश” बताते हुए लिखा कि अब वह उनकी “जानी दुश्मन” बन चुकी हैं और इंडिया लौटकर अपनी ताकत दिखाएंगी। रोहिणी ने कहा कि वह अपने परिवार के लिए स्विट्जरलैंड में रहती हैं और माता-पिता को किसी भी तकलीफ पर वह चुप नहीं बैठेंगी।

तीसरी पोस्ट में रोहिणी ने एक वीडियो साझा किया, जिसमें उनके पिता चंद्रशेखर को पगड़ी पहनाते दिख रहे हैं। यह वीडियो उनके घर का बताया जा रहा है। रोहिणी ने लिखा कि जिन माता-पिता ने सांसद को इतना सम्मान दिया, वही आज धमकियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि परिवार को नुकसान पहुंचाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गौरतलब है कि दोनों के बीच महीनों से विवाद चल रहा है। रोहिणी महिला आयोग और पुलिस से भी शिकायतें कर चुकी हैं, जबकि चंद्रशेखर उनके आरोपों को बेबुनियाद बताते रहे हैं। वहीं चंद्रशेखर के समर्थकों की ओर से भी बिजनौर में रोहिणी के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है। विवाद के चलते मामला लगातार राजनीतिक रंग लेता जा रहा है।


Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes

Hollywood Movies