Type Here to Get Search Results !

हांगकांग हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में भीषण आग: 13 की मौत, सैकड़ों बेघर, कई अब भी फंसे


नई दिल्ली। हांगकांग के एक घनी आबादी वाले हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में बुधवार को लगी भीषण आग ने शहर को दहला दिया। ऊंची आवासीय इमारतों में फैली आग में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई निवासी अभी भी इमारतों में फंसे हुए बताए जा रहे हैं। शहर की फायर सर्विस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है।

फायर डिपार्टमेंट के अधिकारियों के अनुसार, नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे में कम से कम 15 लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार विभिन्न अस्पतालों में जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए लगभग 700 लोगों को अस्थायी आश्रय स्थलों में शिफ्ट किया गया है।

2,000 अपार्टमेंट वाले कॉम्प्लेक्स में मचा हाहाकार

रिकॉर्ड के मुताबिक, जिस हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में आग लगी, उसमें आठ विशाल ब्लॉक शामिल हैं, जिनमें लगभग 2,000 अपार्टमेंट हैं और करीब 4,800 लोग रहते हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि मिनटों में लपटों ने बांस के मचान और उस पर लगे कंस्ट्रक्शन नेट को पकड़ लिया। यह संरचनाएं इमारतों के बाहरी हिस्सों पर लगी थीं, जहां मरम्मत का काम चल रहा था।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि आसपास की कई इमारतें आग की चपेट में हैं। कई अपार्टमेंट की खिड़कियों से तेज लपटें और काला धुआं निकलता दिखाई दे रहा है, जबकि फायर ब्रिगेड की टीमें ट्रकों के जरिए ऊंचाई से पानी डालकर आग पर काबू पाने में जुटी थीं।

लेवल-5 अलार्म, 128 फायर ट्रक तैनात

फायर सर्विस ने बताया कि आग दोपहर में शुरू हुई, लेकिन शाम होते-होते स्थिति बेहद भयावह हो गई और इसे लेवल-5 अलार्म, यानी सबसे गंभीर स्तर, तक बढ़ा दिया गया। आग बुझाने के लिए 128 फायर ट्रक और 57 एम्बुलेंस रवाना की गईं।

फायर सर्विस के डायरेक्टर एंडी येंग के अनुसार, मृतकों में एक फायरफाइटर भी शामिल है, जबकि एक अन्य फायरकर्मी हीट एग्जॉशन के चलते अस्पताल में भर्ती है। राहत एवं बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा, और अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

हांगकांग प्रशासन ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं, ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।


Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes

Hollywood Movies