अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन

अरवल: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन अरवल और कला संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार के संयुक्त तत्वाधान में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन इंडोर स्टेडियम, अरवल में किया गया। जिला पदाधिकारी, श्री कुमार गौरव द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया।


इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2025 पर आयोजित महिला सशक्तिकरण कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया और बिहार सरकार द्वारा समाज सुधार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों में अरवल की महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को सराहा। उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और जीवन के हर क्षेत्र में उनके समग्र विकास के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस घोषित करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।


कार्यक्रम के दौरान डीपीएम जीविका ने जिला पदाधिकारी को पौधा देकर उनका स्वागत किया। महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से महिलाओं द्वारा प्रभात फेरी, रंगोली और पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने अपनी मजबूत स्थिति को कला के माध्यम से प्रदर्शित किया। इसके साथ ही हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।


जिला पदाधिकारी ने महिलाओं द्वारा बनाई गई रंगोली और पेंटिंग का मुआयना किया और अरवल की महिला शक्ति को बेमिसाल बताया। उन्होंने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को समाजिक स्तर पर प्रचारित करने का आह्वान किया, ताकि आम जनता में इस दिशा में और अधिक जागरूकता उत्पन्न हो सके।


कार्यक्रम में बाल विवाह, दहेज प्रथा और नशा मुक्त समाज के समर्थन में संकल्प लिया गया। इसके अलावा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जिले के बालिकाओं द्वारा विभिन्न प्रस्तुतियां दी गई। +2 उच्च विद्यालय करपी की छात्राओं ने 'तू भारत की नारी' प्रस्तुति दी, जबकि +2 उच्च विद्यालय ईटवाँ के छात्रों ने नारी शक्ति पर गीत प्रस्तुत किया। पायश मिशन पब्लिक स्कूल और एसटी एटॉमी इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने नारी सुधार से संबंधित कार्यक्रम प्रस्तुत किए।


इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने उत्कृष्ठ कार्य करने वाली स्वच्छता कर्मी, स्वास्थ्य कर्मी, जीविका, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, शिक्षा, खेलकूद और संगीत क्षेत्र से जुड़े कर्मियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।


कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला कला संस्कृति पदाधिकारी, डीपीओ आईसीडीएस, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म