अरवल : जिले के अरवल बाजार में सोमवार को एक 6 वर्षीय बच्ची अपनी मां से बिछड़ गई, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, आयुषी कुमारी मां किरण देवी, (पिता – रंजीत पासवान), निवासी ग्राम खलीलपुरा, अपनी मां के साथ बाजार में किताब खरीदने गई थी। इसी दौरान भीड़भाड़ में वह अपनी मां से अलग हो गई।
बिछड़ने के बाद बच्ची बाजार में रोती हुई इधर-उधर भटक रही थी। तभी वहां मौजूद संसद प्रतिनिधि राजू रंजन पासवान की नजर बच्ची पर पड़ी। उन्होंने तुरंत बच्ची से पूछताछ कर उसके घर-परिवार की जानकारी ली और उसे अपने क्लीनिक ले जाकर सुरक्षित रखा।
इसके बाद राजू रंजन पासवान ने बच्ची के परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां पहचान के बाद बच्ची को सकुशल उनके हवाले कर दिया गया।
इस सराहनीय पहल के लिए स्थानीय लोगों ने राजू रंजन पासवान की जमकर प्रशंसा की और इसे मानवता की मिसाल बताया।

