छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मंत्री बनकर संसद की कार्यवाही को समझा
अरवल जिले के सकरी स्थित असेम्बली ऑफ गॉड स्कूल ऑफ एजूकेशन में 11 मई 2026 को विद्यार्थी संसद का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सातवीं से बारहवीं तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को संविधान, लोकतंत्र और संसद की कार्यप्रणाली से अवगत कराना था।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों के बीच चुनाव कराकर जनप्रतिनिधियों का चयन किया गया। चुने गए प्रतिनिधियों को वरिष्ठ सांसद की भूमिका निभा रहे विद्यार्थियों द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। संसद को सत्ता पक्ष और विपक्ष में विभाजित किया गया, जहां दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
विद्यार्थी संसद में संजनी कुमारी को राष्ट्रपति चुना गया, जबकि सुप्रिया कुमारी ने प्रधानमंत्री की भूमिका निभाई। कोमल कुमारी लोकसभा अध्यक्ष के रूप में सदन की कार्यवाही संचालित करती नजर आईं। वहीं विपक्ष की नेता के रूप में साक्षी चौहान ने अपनी भूमिका निभाई।
इसके अलावा गौरव कुमार स्वास्थ्य मंत्री, साक्षी कुमारी शिक्षा मंत्री, अनिकेत राज रक्षा मंत्री, कोमल कुमारी वित्त मंत्री, बसुंधरा लक्ष्मी महिला एवं बाल कल्याण मंत्री तथा सृष्टि पाठक गृह मंत्री के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करते दिखे।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को यह समझाना था कि संसद में विधेयक कैसे कानून बनता है, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मंत्रिमंडल की क्या जिम्मेदारियां होती हैं तथा सरकार जनता के प्रति किस प्रकार जवाबदेह रहती है।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपति के अभिभाषण से हुई। इस अवसर पर विद्यालय के निर्देशक अशोक कुमार, प्राचार्य रमेश शर्मा, प्रबंधक रंजना कुमारी, उपप्राचार्य डॉ. कमलेश कुमार समेत विद्यालय के कई शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

