अरवल : जिला पदाधिकारी श्रीमती अमृषा बैंस ने सोमवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 8 फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं सीधे जिला पदाधिकारी के सामने रखीं।
जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, जमीन पर कब्जा, मानदेय, गोपनीय शाखा, ग्रामीण कार्य विभाग, विद्युत विभाग सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। जिला पदाधिकारी ने सभी फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया।
सड़क निर्माण में खराब सामग्री की शिकायत
करपी प्रखंड के अलावलचक गांव निवासी ओमप्रकाश कुमार ने दोर्रा पंचायत में बन रही सड़क में घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने प्राक्कलन के अनुसार गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की मांग की। इस पर जिला पदाधिकारी ने ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जमीन कब्जा और मारपीट का मामला
शहर तेलपा निवासी मनोरंजन कुमार ने शिकायत की कि उनकी निजी जमीन पर कुछ लोग जबरन कब्जा कर रहे हैं और विरोध करने पर मारपीट की धमकी देते हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पदाधिकारी को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
मुखिया पर भ्रष्टाचार का आरोप
परासी गांव निवासी शशिकांत कुमार ने पंचायत की मुखिया मुसर सुल्ताना ताज पर 15वीं एवं षष्ठम वित्त आयोग की राशि में अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि जांच में दोषी पाए जाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। फरियादी ने बिहार पंचायत राज अधिनियम 2006 की धारा 18(5) के तहत कार्रवाई की मांग की। इस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र विधि सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
पारदर्शी और त्वरित समाधान पर जोर
जनता दरबार के अंत में जिला पदाधिकारी श्रीमती अमृषा बैंस ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं का समाधान पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी तरीके से किया जाए, ताकि आम लोगों को न्याय मिल सके।
जनता दरबार के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक सशक्त मंच मिल रहा है, जिससे प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद मजबूत हो रहा है।
