अरवल जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब से लदी एक डस्टर गाड़ी बरामद की है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में विदेशी शराब शहर तेलपा रोड के रास्ते गुजरने वाली है। सूचना मिलते ही उत्पाद निरीक्षक नित्यानंद राय के नेतृत्व में टीम का गठन कर तत्काल जांच अभियान शुरू किया गया।
टीम जैसे ही शहर तेलपा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास पहुंची, वहां एक संदिग्ध डस्टर गाड़ी सड़क किनारे लावारिस हालत में खड़ी मिली। पुलिस टीम को देख वाहन चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद जब गाड़ी की तलाशी ली गई, तो उसमें विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।
उत्पाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर टोचन के माध्यम से उत्पाद थाना अरवल लाया, जहां माप-तौल के बाद कुल 228 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। जब्त वाहन रीनॉल्ट कंपनी की डस्टर (गाड़ी संख्या BR01HJ6845) बताई जा रही है।
इस मामले में उत्पाद थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और फरार चालक की तलाश के लिए छापेमारी जारी है। उत्पाद विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई अरवल में अवैध शराब के नेटवर्क पर बड़ी चोट मानी जा रही है।
