अरवल। बिहार विधानसभा में राजद विधायक द्वारा पद्म भूषण से सम्मानित पूर्व केंद्रीय मंत्री के प्रति की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर सियासत गरमा गई है। इस मुद्दे पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र रंजन ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
सत्येन्द्र रंजन ने कहा कि राजद विधायक द्वारा विधानसभा में रामविलास पासवान को “बेचारा” कहकर संबोधित करना केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि उन करोड़ों गरीबों, दलितों, पिछड़ों और वंचितों की भावनाओं का अपमान है, जिनकी आवाज पासवान जीवन भर बने रहे। उन्होंने कहा कि पासवान जी ने अपना पूरा जीवन समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के अधिकार और सम्मान के लिए समर्पित किया।
उन्होंने आगे कहा कि रामविलास पासवान ने लगभग पचास वर्षों के संसदीय जीवन में छह प्रधानमंत्रियों के नेतृत्व में रेलवे, दूरसंचार, स्टील, उर्वरक, कोयला और खाद्य उपभोक्ता जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाई और उनके ऊपर कभी भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा। देशहित में उनके योगदान को सभी वर्गों के लोग सम्मान के साथ याद करते हैं।
लोजपा (रामविलास) जिलाध्यक्ष ने मांग की है कि राजद के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष इस पूरे प्रकरण पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर चौबीसों घंटे आंदोलन के लिए तैयार रहेगा।
इस बयान के बाद जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और भी तीखी बयानबाजी देखने को मिल सकती है।
