0
News
    Home बिहार समाचार

    नए साल 2026 से पहले विदेश रवाना हुए बिहार के अफसर, IAS-IPS में बढ़ा विदेशी जश्न का ट्रेंड

    "नए साल 2026 से पहले विदेश रवाना हुए बिहार के अफसर, IAS-IPS में बढ़ा विदेशी जश्न का ट्रेंड"

    1 min read

    पटना। साल 2025 अब अपने अंतिम पड़ाव पर है और नए साल 2026 के स्वागत की तैयारियां हर तरफ नजर आ रही हैं। आम लोगों के साथ-साथ इस बार बिहार के प्रशासनिक गलियारों में भी नए साल को लेकर खास हलचल है। वजह है—बिहार के आईएएस और आईपीएस अधिकारियों में विदेश जाकर क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन का बढ़ता ट्रेंड।

    सूत्रों के मुताबिक, क्रिसमस और नए साल के दौरान छुट्टी के लिए दिए गए आवेदनों से यह साफ हो गया है कि बिहार के करीब 16 से अधिक आईएएस और आईपीएस अधिकारी इन दिनों विदेशी दौरों पर हैं या जाने की तैयारी में हैं। यह सभी यात्राएं निजी हैं, लेकिन नियमों के तहत अधिकारियों ने सरकार को पूरी जानकारी देते हुए छुट्टी स्वीकृत कराई है।

    इस बार छुट्टी लेने वाले अधिकारियों में आईपीएस के मुकाबले आईएएस अधिकारियों की संख्या ज्यादा है। अधिकारियों की पहली पसंद अमेरिका बना हुआ है। करीब एक दर्जन अधिकारियों ने अमेरिका जाने के लिए छुट्टी ली है। इसके बाद इंडोनेशिया दूसरी सबसे पसंदीदा जगह के तौर पर उभरा है। इसके अलावा मलेशिया, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, ओमान की राजधानी मस्कट और तुर्की का इस्तांबुल भी अधिकारियों के टूर प्लान में शामिल हैं।

    कुछ अधिकारी ऐसे भी हैं, जो एक साथ तीन से चार देशों की यात्रा पर निकले हुए हैं। विभागीय सूत्र बताते हैं कि साल के अंत और नए साल की शुरुआत में लंबी छुट्टियों का फायदा उठाकर अधिकारी विदेश में समय बिताना पसंद कर रहे हैं।

    अमेरिका जाने वाले अधिकारियों में ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव आईएएस नंद किशोर शाह भी शामिल हैं। वे 27 दिन की छुट्टी पर सैन फ्रांसिस्को गए हैं और 4 दिसंबर से अवकाश पर हैं। वहीं, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशक के पद पर तैनात आईएएस जे. प्रियदर्शिनी ने 10 दिसंबर 2025 से 9 मार्च 2026 तक 90 दिनों की लंबी छुट्टी ली है और वह भी अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में रहेंगी।

    भविष्य निधि निदेशालय के निदेशक आईएएस जय प्रकाश सिंह ने भी नए साल के मौके पर अमेरिका के वर्जीनिया जाने के लिए 16 दिन की छुट्टी ली है। वहीं, सीतामढ़ी के डीएम आईएएस रिची पांडेय 20 दिसंबर 2025 से 3 जनवरी 2026 तक 15 दिनों की छुट्टी पर हैं और ओमान की राजधानी मस्कट में नया साल मनाएंगे।

    आईएएस गीता सिंह भी नए साल के दौरान अमेरिका में रहेंगी। उन्होंने 22 दिसंबर 2025 से 6 जनवरी 2026 तक 16 दिनों की छुट्टी ली है। भागलपुर के कहलगांव एसडीओ आईएएस कृष्ण गुप्ता इंडोनेशिया के विदेशी दौरे पर हैं और उन्होंने 36 दिन की छुट्टी ले रखी है। मधुबनी के डीएम आईएएस विक्रम सिंह पहले ही 26 नवंबर से 11 दिसंबर 2025 तक इंडोनेशिया का दौरा कर लौट चुके हैं।

    इसके अलावा शेखपुरा के डीएम आईएएस आरिफ अहसन तुर्की की राजधानी इस्तांबुल की यात्रा पर रहे हैं। आईपीएस अधिकारियों में एसडीपीओ सरैया गरिमा भी 4 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक छुट्टी पर हैं और इस दौरान इंडोनेशिया के दौरे पर जाएंगी।

    कुल मिलाकर, नए साल 2026 के स्वागत में इस बार बिहार के प्रशासनिक अफसरों का विदेश प्रेम चर्चा का विषय बना हुआ है।

    Additional JS

    get more nice stuff
    in your inbox

    instantly by Subscribing to us. So you will get email everytime we post something new here

    video/recent