Type Here to Get Search Results !

जींस-शर्ट में शपथ लेकर वायरल हुए मंत्री दीपक प्रकाश, अब पत्नी साक्षी मिश्रा कुशवाहा भी बनीं चर्चा का केंद्र


पटना। बिहार की राजनीति में इन दिनों एक नया नाम तेजी से सुर्खियों में है—दीपक प्रकाश। नीतीश सरकार के हालिया कैबिनेट विस्तार में उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) कोटे से मंत्री बनाए गए दीपक प्रकाश ने शपथ ग्रहण के दौरान जींस और शर्ट पहनकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। पारंपरिक परिधान के बजाय आधुनिक पहनावे में शपथ लेने का उनका यह अंदाज़ सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, और इसके साथ ही उनकी निजी जिंदगी भी चर्चा का विषय बन गई है। खासकर उनकी पत्नी साक्षी मिश्रा कुशवाहा को लेकर लोगों में जिज्ञासा बढ़ गई है।

37 वर्षीय दीपक प्रकाश ने एमआईटी मणिपाल से बीटेक किया है। उन्होंने एक मल्टीनेशनल कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम किया और बाद में अपना बिजनेस शुरू कर दिया। राजनीति में वह लंबे समय तक सक्रिय नहीं रहे, लेकिन 2025 के विधानसभा चुनाव में अपनी मां स्नेहलता कुशवाहा के लिए उन्होंने सासाराम में जोरदार प्रचार किया। खुद चुनाव लड़े बिना ही दीपक को सीधे कैबिनेट में जगह मिल गई है। नियम के अनुसार, मंत्री पद पर बने रहने के लिए उन्हें अगले छह महीनों के भीतर विधान मंडल का सदस्य बनना होगा। भाजपा और जदयू के समर्थन से उन्हें एमएलसी बनाए जाने की चर्चा जोरों पर है।

अब बात दीपक प्रकाश की पत्नी साक्षी मिश्रा कुशवाहा की। साक्षी मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं। उनके पिता एस.एन. मिश्रा रिटायर्ड आईएएस अधिकारी हैं। साक्षी सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहती हैं और भले ही राजनीति में उनका कोई आधिकारिक पद नहीं है, लेकिन वह उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी के लिए लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क करती रही हैं। विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने गांव-गांव जाकर चुनाव प्रचार किया था।

वायरल वीडियो में साक्षी खुद को “जनेऊधारी ब्राह्मण की बेटी और चंद्रगुप्त मौर्य के वंशज की पत्नी” बताते हुए नजर आती हैं। दीपक और साक्षी की लव मैरिज बताई जाती है। साक्षी के एक भाई और दो बहनें हैं, जबकि उनकी मां का पहले ही निधन हो चुका है।

दीपक प्रकाश की अचानक राजनीति में एंट्री और उनकी पत्नी साक्षी की चर्चा ने उन्हें सियासी गलियारों में एक नई पहचान दिला दी है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes

Hollywood Movies