दिल्ली पब्लिक स्कूल में मेहंदी प्रतियोगिता, छात्राओं ने बिखेरी रचनात्मकता की छटा |
अरवल। दिल्ली पब्लिक स्कूल में सोमवार को मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं की रचनात्मकता को बढ़ावा देना और पारंपरिक भारतीय संस्कृति का संरक्षण करना था। कक्षा 5 से 10 तक की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कला का सुंदर प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पारंपरिक और आधुनिक डिजाइनों से एक-दूसरे की हथेलियों पर मेहंदी रचाई। पूरे स्कूल परिसर में मेहंदी की खुशबू और आकर्षक डिजाइनों की छटा बिखरी रही। प्रतियोगिता में कक्षा 5 की प्रीति कुमारी, सृष्टि कुमारी, साक्षी कुमारी, खुशी कुमारी, सत्यप्रिया कुमारी और ज्योति कुमारी, कक्षा 7 की पायल कुमारी, प्रियंका कुमारी, संवि कुमारी, काजल कुमारी, अखियां नाज, कक्षा 8 की वैष्णवी कुमारी, रागिनी कुमारी, निक्की कुमारी, काजल कुमारी और ब्यूटी कुमारी तथा कक्षा 9 की पोटरी कुमारी, रोशनी कुमारी और हर्षिता कुमारी को विशेष सराहना मिली।
विद्यालय के डायरेक्टर धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि मेहंदी केवल सजावटी कला नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति का प्रतीक है। यह सौभाग्य, प्रेम और सकारात्मक भावनाओं को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य छात्राओं के आत्मविश्वास, प्रस्तुति शैली और सांस्कृतिक जुड़ाव को बढ़ाना है।
इस आयोजन को सफल बनाने में शिक्षिका अलीशा कुमारी का विशेष योगदान रहा। उन्होंने छात्राओं को डिजाइन संबंधी जानकारी दी और उन्हें अपनी रचनात्मकता दिखाने के लिए प्रेरित किया। इसी दौरान रंगोली प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने रंग-बिरंगे रंगों से सुंदर आकृतियां बनाईं।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों को सम्मानित करने और मिठाइयों के वितरण के साथ हुआ। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस तरह के आयोजन छात्रों को सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा निखारने का माध्यम हैं।
संवाददाता: [सतवीर सिंह]