अरवल: जिला पदाधिकारी अरवल, श्री कुमार गौरव के निर्देश पर भूमि सुधार उप समाहर्ता अरवल, श्री प्रवीण कुमार ने एक जनता दरबार का आयोजन किया। इस दरबार में 21 परिवादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। फरियादियों ने भूमि विवाद, अनियमितता, अतिक्रमण, कब्जा, मनरेगा, जॉब कार्ड, आवास योजना, दाखिल खारिज, अनुमंडल कार्यालय, ग्रामीण कार्य विभाग, शिक्षा विभाग, जिला पंचायत राज विभाग एवं अन्य विभागों से संबंधित मुद्दों पर शिकायतें दर्ज कराईं।
भूमि सुधार उप समाहर्ता ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को फरियादियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
महेन्दिया थाना के ग्राम टेरी निवासी संजय साव ने बताया कि वह गरीब परिवार से हैं और उन्हें आवास की सख्त आवश्यकता है। आवास सहायक द्वारा 10 हजार रुपये लेने के बावजूद उन्हें आवास योजना का लाभ नहीं दिया गया। इस पर भूमि सुधार उप समाहर्ता ने प्रखंड विकास पदाधिकारी कलेर को उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
कलेर प्रखंड स्थित ग्राम मकबुलपुर की तेतरी देवी ने शिकायत की कि उनका जॉब कार्ड पहले से बना हुआ था, लेकिन मनरेगा कार्यालय में उनका नाम नहीं जोड़ा जा रहा है, जो कि आवास योजना में नाम जोड़ने के लिए जरूरी था। इस पर भूमि सुधार उप समाहर्ता ने प्रग्राम पदाधिकारी मनरेगा कलेर को कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया।
अरवल प्रखंड के बैदराबाद निवासी कृष्णा बिन्द ने बताया कि 30 जनवरी 2025 को रात में ग्राम महलपटी के मुकेश कुमार ने उनका मोटर पम्प चोरी कर लिया। भूमि सुधार उप समाहर्ता ने प्रखंड विकास पदाधिकारी अरवल को चोरी के मामले में उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भूमि सुधार उप समाहर्ता ने सक्रियता से कदम उठाए, जिससे फरियादियों को राहत मिली।