जिला पदाधिकारी ने स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा की, दी कई अहम निर्देश
अरवल। 26 अप्रैल 2025 को शाम 4:30 बजे जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। बैठक में सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि सदर अस्पताल एवं विभिन्न प्रखंडों से प्रतिनियुक्त चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति समाप्त कर सभी को मूल पदस्थापन स्थल पर कार्य करने हेतु भेजा जाए।
दवा की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला अस्पताल से लेकर स्वास्थ्य केंद्र तक मानक के अनुरूप दवाओं की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। साथ ही कुत्ते के काटने की दवा समेत अन्य जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने सभी पंजीकृत गर्भवती महिलाओं को आशा व एएनएम के जरिए आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने को कहा। इसके अलावा सभी चिकित्सकों को उनके पदस्थापित अस्पताल में रोस्टर के अनुसार उपस्थिति सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी एएनएम व चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण का आदेश जारी किया गया। बैठक में तय हुआ कि सभी प्रभारी चिकित्सक अपने-अपने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित समीक्षा करेंगे और रिपोर्ट देंगे।
जिला पदाधिकारी ने चेतावनी दी कि आदेशों का पालन नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सिविल सर्जन, विभिन्न प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।
रिपोर्ट: सतवीर सिंह
Nice 👍
जवाब देंहटाएं