अरवल। जिला पदाधिकारी अरवल श्रीमती अमृषा बैंस ने सोमवार को अनुमंडल कार्यालय अरवल, प्रखंड कार्यालय, अंचल कार्यालय, मध्याह्न भोजन कार्यालय एवं बुनियाद केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अरवल प्रखंड अंतर्गत संचालित आरटीपीएस केंद्र और आधार केंद्र का भी जायजा लिया तथा वहां दी जा रही सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यालयों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, पेयजल एवं प्रकाश की स्थिति का अवलोकन किया। साथ ही आम नागरिकों को प्रदान की जा रही सेवाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता की जांच की गई। आरटीपीएस और आधार केंद्र पर उपस्थित लाभार्थियों से सीधे संवाद कर यह जाना गया कि उन्हें सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर और सुचारू रूप से मिल रहा है या नहीं।
लाभार्थियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसेवाओं के निष्पादन में पारदर्शिता, संवेदनशीलता, समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
डीएम अमृषा बैंस ने अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करने का निर्देश दिया। साथ ही आरटीपीएस एवं आधार से जुड़ी सेवाओं में अनावश्यक विलंब, भीड़ अथवा तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने दोहराया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री शैलेश कुमार, अपर समाहर्ता श्री रविप्रसाद चौहान, अनुमंडल पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
