बक्सर। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर शराब की खेप पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। गुरुवार को बक्सर जिले में आबकारी विभाग ने उत्तर प्रदेश–बिहार सीमा पर स्थित वीर कुंवर सिंह पुल पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया। इस दौरान 16 पहिया ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई और दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के मुताबिक, नियमित वाहन जांच के दौरान आबकारी टीम ने एक ट्रक को रोका, जो बाहर से पूरी तरह यूरिया खाद से लदा हुआ नजर आ रहा था। अधिकारियों को शक होने पर जब ट्रक की गहन जांच की गई, तो उसके बीच में एक बड़ा लोहे का गुप्त चैंबर मिला। इसी चैंबर में विदेशी शराब के सैकड़ों कार्टन छिपाकर रखे गए थे।
बक्सर के उत्पाद शुल्क अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि विभाग पिछले करीब 20 दिनों से इस ट्रक पर नजर बनाए हुए था। उन्हें इनपुट मिला था कि यही ट्रक बार-बार बिहार में शराब की खेप पहुंचा रहा है। इसी सूचना के आधार पर चेकपॉइंट पर सख्ती बढ़ाई गई और आखिरकार तस्करी का पर्दाफाश हो गया। कार्रवाई में कुल 699 कार्टन यानी 6,165 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है। ट्रक को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान संदीप (23), निवासी मतलोदा, जिला पानीपत और मोहित (26), निवासी नयावास, जिला रोहतक (हरियाणा) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि शराब पंजाब से लाकर छपरा पहुंचाई जा रही थी।
आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 30ए के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद तस्करों में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने शराब तस्करी पर और सख्ती के संकेत दिए हैं।

