Type Here to Get Search Results !

मुजफ्फरपुर में चुनाव से पहले बड़ी कार्रवाई : एक करोड़ की विदेशी शराब बरामद, पांच तस्कर गिरफ्तार


मुजफ्फरपुर। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले शराब माफिया फिर सक्रिय हो गए हैं, लेकिन उत्पाद विभाग ने समय रहते उनकी साजिश नाकाम कर दी। जिले के तुर्की थाना क्षेत्र के थूम्मा गांव में देर रात की गई संयुक्त छापेमारी में करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की गई है।

उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में बड़ी मात्रा में शराब का भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने तुर्की थाना पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की। इस दौरान एक खंडहरनुमा भवन से 830 कार्टन विदेशी शराब मिली, जिसकी कुल मात्रा लगभग 8630 लीटर बताई जा रही है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच शराब तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिनकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि जब्त शराब पंजाब निर्मित है और अधिकांश बोतलों के बारकोड को सप्लायर की पहचान छिपाने के लिए स्क्रैच कर दिया गया था।

बरामद शराब में रॉयल स्टैग, इंपीरियल ब्लू और मैकडॉवेल नंबर-1 जैसी प्रीमियम ब्रांड की बोतलें शामिल हैं। छापेमारी इतनी बड़ी थी कि शराब को भवन से बाहर निकालने के लिए मजदूरों की मदद लेनी पड़ी।

उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि चुनाव और त्योहारों के समय शराब तस्करी की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में जिले में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “यह कार्रवाई शराब माफियाओं के लिए सख्त संदेश है कि बिहार में अवैध शराब कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

फिलहाल उत्पाद विभाग और पुलिस की टीमें गोदाम मालिक की भूमिका और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस रैकेट में शामिल बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes

Hollywood Movies