Type Here to Get Search Results !

अरवल में भाजपा की आक्रोश सभा, पीएम मोदी व उनकी माता के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर फूटा गुस्सा


अरवल। कांग्रेस और आरजेडी की संयुक्त रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माता के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी अरवल जिला इकाई ने कड़ा विरोध जताया। शनिवार को अरवल प्रखण्ड मुख्यालय परिसर स्थित अंबेडकर वाचनालय में आक्रोश सभा आयोजित की गई तथा तत्पश्चात कार्यकर्ताओं ने सड़क पर मौन यात्रा निकाली।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शिलम कुशवाहा ने की जबकि संचालन जिला महामंत्री संगीता कुशवाहा ने किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र तिवारी, प्रदेश प्रवक्ता सच्चिदानंद पीयूष, प्रदेश परिषद सदस्य सह पूर्व प्रमुख ई. संजय कुमार, जिला प्रभारी सुबोध पासवान मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी ने न केवल प्रधानमंत्री मोदी बल्कि उनकी दिवंगत माता पर भी अपमानजनक टिप्पणी कर राजनीति की मर्यादा तोड़ी है। बिहार की जनता इस घृणित राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेगी।

प्रदेश परिषद सदस्य ई. संजय कुमार ने कहा कि “आपने सभी मां का अपमान किया है, बिहार का हर बेटा और भाजपा का हर कार्यकर्ता इसका जवाब देगा।” उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी तत्काल प्रधानमंत्री, उनकी माता और देश से माफी मांगें।

प्रदेश प्रवक्ता सच्चिदानंद पीयूष ने कहा कि यह राजनीति में गिरावट की पराकाष्ठा है। मां का अपमान बिहार की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। चाहे हजार बार माफी मांगी जाए, जनता इसे भूलने वाली नहीं है।

जिला प्रभारी सुबोध पासवान ने कहा कि पीएम मोदी की माताजी ने जीवनभर संघर्ष कर अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दिए। ऐसी महान महिला पर अपशब्द कहना बेहद शर्मनाक है।

सभा में विधानसभा प्रभारी राहुल वत्स, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गिरेन्द्र कुमार, सत्येन्द्र विश्वकर्मा, रामाशीष दास, जिला मंत्री अमृत राज उपाध्याय, कार्यालय मंत्री धनंजय कुमार, मण्डल अध्यक्ष भरत यादव, अखिलेश पासवान, मनोज कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, माताएं और बहनें उपस्थित रहीं।

रिपोर्ट सतवीर सिंह 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes

Hollywood Movies