Type Here to Get Search Results !

बिहार में गैस सिलेंडर के लिए पत्नी की हत्या, पति ने गर्भवती को पीट-पीटकर मार डाला


बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले में रसोई गैस सिलेंडर के चक्कर में एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात वीरपुर थाना क्षेत्र के मुजफरा गांव की है। मृतका की पहचान 21 वर्षीय लक्ष्मी देवी के रूप में हुई है। वह 9 महीने की गर्भवती थी। हत्या का आरोप उसके पति राजा चौधरी पर लगा है। बताया जा रहा है कि पत्नी ने मंगलवार रात को घर में खाना पकाने के लिए एलपीजी गैस सिलेंडर की मांग की थी। फिर पति ने आवेश में आकर पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मौत की सूचना मिलते ही बुधवार को लक्ष्मी देवी के मायके वाले बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कुछ देर अस्पताल में जमकर हंगामा किया। नगर थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंप दिया गया।

बेगूसराय के एसपी मनीष ने बताया कि मृतका के पति नामजद अभियुक्त राजा चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह वीरपुर थाना के मुजफ्फरा गांव निवासी कैलाश चौधरी का पुत्र है। दरभंगा जिले के कुशेश्वर स्थान के रहने वाले मृतका के पिता भिखो चौधरी ने बताया कि उनकी बेटी की हत्या उनके दामाद राजा चौधरी के द्वारा कर दी गई है।

नगर थाने की पुलिस को दिए गए बयान में मृतका के पिता ने कहा है कि 31 मार्च की रात उनकी बेटी लक्ष्मी देवी ससुराल मुजफ्फरा में पति राजा चौधरी के साथ थी। पिता की बेटी से लंबी बातचीत भी हुई थी। फिर रात को 8 बजे बेटी के मोबाइल से सास राधा देवी ने मायके वालों को फोन कर कहा कि उनकी बेटी गिर गई है और अब जिंदा नहीं है। यह कहकर ससुराल वालों ने मोबाइल बंद कर दिया।

आंधी-बारिश की वजह से मायके वाले रात में नहीं आ सके
वहीं, दरभंगा के सोहरबा घाट में मंगलवार रात मौसम बिगड़ने से आंधी और बारिश शुरू हो गई, इस कारण मायके वाले रात में बेगूसराय नहीं पहुंच सके। लक्ष्मी देवी के पिता समेत अन्य पजन जब बुधवार सुबह बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचे तो उनकी बेटी वहां मृत अवस्था में पाई गई।

पिता ने आरोप लगाया है कि दहेज के लिए दामाद राजा चौधरी ने लक्ष्मी की मारपीट कर हत्या की है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी पति से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि पति अक्सर अपनी पत्नी से मारपीट किया करता था।

वहीं, रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि आरोपी पति जुए का आदी था। 10 दिन पहले घर में रसोई गैस खत्म हो गई थी। गर्भवती पत्नी को मजबूरन लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाना पड़ रहा था। वह अपने पति से एलपीजी सिलेंडर लाने की मांग कर रही थी। मंगलवार रात को भी इसी बात पर पति-पत्नी में विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि घर में एक ढाई साल का बेटा भी है, जिसके सिर से मां का साया उठ गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes

Hollywood Movies