अरवल। कुर्था प्रखंड की बेटी नंदनी कुमारी ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे जिले का मान बढ़ाया है। नंदनी ने 481 अंक प्राप्त कर राज्य की टॉप टेन सूची में दसवां स्थान हासिल किया है। उनकी इस सफलता से पूरे परिवार के साथ-साथ कुर्था क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
नंदनी कुमारी कुर्था हाई स्कूल की छात्रा हैं। बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही नंदनी ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है। परिणाम घोषित होते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया।
अपनी सफलता पर नंदनी ने बताया कि इस उपलब्धि का पूरा श्रेय वह अपने परिवार को देती हैं। खासकर अपने माता-पिता और नाना-नानी का उन्होंने विशेष रूप से धन्यवाद दिया। नंदनी ने बताया कि वह अपने नाना-नानी के घर कुर्था में रहकर ही पढ़ाई कर रही थीं और परिवार के सहयोग से ही यह सफलता मिल पाई है। उन्होंने आगे चलकर डॉक्टर बनने की इच्छा भी जताई।
नंदनी के पिता अविनाश कुमार रवि और माता रूपा कुमारी अपनी बेटी की सफलता से काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि बेटी की पढ़ाई में वे किसी तरह की कमी नहीं रहने देंगे और वह जितना आगे पढ़ना चाहेगी, परिवार उसका पूरा साथ देगा।
बताया जाता है कि कुर्था बाजार निवासी महेंद्र साह, जो कुर्था में बर्तन की दुकान चलाते हैं, उनके घर में रहकर ही नंदनी ने अपनी पढ़ाई पूरी की है। नंदनी की इस उपलब्धि से नाना-नानी, मामा-मामी समेत पूरे परिवार में खुशी का माहौल है और लोगों ने उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

