NEET परीक्षा में पायस मिशन स्कूल के दो छात्रों ने हासिल की सफलता
अरवल, 23 जुलाई। पायस मिशन स्कूल के दो छात्रों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में सफलता हासिल कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में गुरुवार को स्कूल परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सफल छात्रों के साथ उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया।
विद्यालय के अनुसार, स्मिथ कुमार (पिता– रमेश कुमार) और संस्कार कुमार (पिता– रंजीत कुमार) ने NEET परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता प्राप्त की है। दोनों छात्रों की इस उपलब्धि पर स्कूल परिवार में खुशी का माहौल है।
समारोह में स्कूल के डायरेक्टर राज कुमार, को-डायरेक्टर अशोक कुमार तथा प्राचार्य सोनम मिश्रा ने सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान छात्रों के माता-पिता को भी उनके सहयोग, त्याग और समर्पण के लिए अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
डायरेक्टर राज कुमार ने कहा कि छात्रों की यह सफलता पूरे पायस मिशन स्कूल परिवार के लिए गर्व का विषय है। वहीं, प्राचार्य सोनम मिश्रा ने शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों के संयुक्त प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन देकर विद्यार्थियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे और सफल विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
