पायस मिशन स्कूल में पेरेंट्स-टीचर मीटिंग आयोजित, बच्चों की पढ़ाई और विकास पर हुई चर्चा
अरवल। शहर स्थित पायस मिशन स्कूल में सोमवार को किड्जी से कक्षा दूसरी तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए पेरेंट्स-टीचर मीटिंग (पीटीएम) का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, व्यवहार और स्कूल में उनकी गतिविधियों की जानकारी अभिभावकों के साथ साझा करना तथा उनके सुझाव प्राप्त करना था।
बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कक्षा शिक्षकों से सीधे संवाद कर अपने बच्चों की पढ़ाई, प्रदर्शन और सुधार की जरूरत वाले पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। शिक्षकों ने अभिभावकों को बच्चों के डिजिटल प्रोग्रेस कार्ड और कक्षा प्रदर्शन की रिपोर्ट भी दिखाई।
स्कूल की प्राचार्या सोनम मिश्रा ने सभी अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए घर और विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों के सुझाव बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
स्कूल के निदेशक राज कुमार ने कहा कि पायस मिशन स्कूल बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और जीवन कौशल से भी जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पीटीएम जैसे कार्यक्रम अभिभावकों और विद्यालय के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत बनाते हैं।
बैठक के समापन पर अभिभावकों ने विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। वहीं, स्कूल प्रशासन ने सभी अभिभावकों का समय निकालकर बैठक में शामिल होने और सहयोग देने के लिए आभार व्यक्त किया।
