अरवल। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) अरवल एवं वलीदाद नगर इकाई के तत्वावधान में आज भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के पावन अवसर पर विभिन्न स्थलों पर श्रद्धांजलि सभा एवं भव्य पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं परिषद के कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग—समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय—को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
सभा को संबोधित करते हुए जिला संयोजक अमर कृति ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समर्पण और प्रेरणा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने समाज के वंचित और शोषित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए जो ऐतिहासिक कार्य किए, वे सदैव प्रेरणादायक रहेंगे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाएं और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाते हुए समतामूलक समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, परिषद के कार्यकर्ता एवं स्थानीय युवा मौजूद रहे। पूरे परिसर में सामाजिक समरसता, एकता और जागरूकता का सकारात्मक संदेश देखने को मिला।
अंत में सभी उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया तथा बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने का प्रण किया। इस अवसर पर जिला संयोजक अमर कृति, जिला सह संयोजक अमर कांत यादव, पूर्व नगर मंत्री मोहन कुमार, कार्यकर्ता रौशन राज, रोहित कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
