बिहार के सरकारी स्कूलों के छात्रों को जेईई-नीट की मुफ्त कोचिंग, 10 मॉडल स्कूलों से हुई शुरुआत
पटना: बिहार सरकार ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी को मजबूत बनाने की दिशा में नई पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के 10 मॉडल स्कूलों में बिहार स्कूल लाइव क्लासेज और जेईई-नीट निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
पहले चरण में छात्रों को लाइव ऑनलाइन क्लास, डिजिटल अध्ययन सामग्री, विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और आधुनिक स्मार्ट क्लासरूम की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का लक्ष्य इस पहल को आगे चलकर राज्य के सभी मॉडल स्कूलों तक विस्तारित करना है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और सरकारी विद्यालयों के छात्र भी बिना शुल्क प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकें।
पहले चरण में 558 छात्रों ने कराया पंजीकरण
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) के अनुसार, शुरुआती चरण में पटना के 10 मॉडल स्कूलों को इस योजना से जोड़ा गया है। इनमें जेईई की तैयारी के लिए 266 और नीट की तैयारी के लिए 252 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। आने वाले समय में इस सुविधा का विस्तार अन्य मॉडल स्कूलों में भी किया जाएगा।
किन विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ?
फिलहाल यह योजना मॉडल स्कूलों में अध्ययनरत सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों के लिए शुरू की गई है। अभी केवल पटना के चयनित स्कूलों के छात्र इसका लाभ उठा रहे हैं। बाद में अन्य जिलों के मॉडल स्कूलों के विद्यार्थियों को भी इस कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा।
छात्रों को मिलेंगी ये सुविधाएं
योजना के तहत विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी। इसके लिए अनुभवी शिक्षकों की कक्षाएं, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री, नियमित डाउट क्लियरिंग सेशन, मोबाइल ऐप आधारित इंटरएक्टिव लर्निंग और प्रत्येक 15 दिन पर मूल्यांकन परीक्षा आयोजित की जाएगी। साथ ही स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल बोर्ड, एयर कंडीशनर और तकनीक आधारित शिक्षण व्यवस्था भी उपलब्ध होगी। प्रत्येक मॉडल स्कूल में फिजिक्स, केमिस्ट्री, गणित और बायोलॉजी के विषय विशेषज्ञ नियुक्त किए जाएंगे।
स्कूल के बाद चलेगी कोचिंग
कोचिंग का समय नियमित स्कूल की पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए तय किया गया है। छात्राओं के लिए शाम 6 बजे तक और छात्रों के लिए शाम 7 बजे तक कक्षाएं संचालित होंगी, जिससे वे स्कूल की पढ़ाई के साथ-साथ जेईई और नीट की तैयारी भी कर सकें।
आवेदन प्रक्रिया
फिलहाल इस योजना के लिए अलग से ऑनलाइन आवेदन शुरू नहीं किया गया है। पहले चरण में चयनित मॉडल स्कूलों के माध्यम से ही विद्यार्थियों का पंजीकरण किया जा रहा है। योजना के विस्तार के साथ अन्य स्कूलों के लिए भी आवेदन और चयन प्रक्रिया की जानकारी बिहार विद्यालय परीक्षा समिति तथा संबंधित विद्यालयों द्वारा जारी की जाएगी।
