Type Here to Get Search Results !

Arwal News: समाहरणालय सभाकक्ष में सरस्वती पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक

Arwal News: समाहरणालय सभाकक्ष में सरस्वती पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक

अरवल: जिला पदाधिकारी श्री कुमार गौरव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में सरस्वती पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के जन प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने आगामी पूजा के दौरान शांति बनाए रखने पर चर्चा की और सभी ने शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने का भरोसा दिलाया।


जिला पदाधिकारी ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों और शैक्षणिक संस्थानों में छात्र-छात्राएं सरस्वती पूजा आयोजित करते हैं। इस अवसर पर शांति बनाए रखने के लिए सभी का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मूर्ति विसर्जन और जुलूस के दौरान डीजे पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से तुरंत संपर्क करने की सलाह दी गई।


मूर्ति विसर्जन मार्ग की सत्यापन और रूट चार्ट बनाने का निर्देश भी दिया गया ताकि किसी प्रकार का विवाद न हो। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अश्लीलता पर रोक लगाने और डीजे संचालकों के साथ बैठक करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त, गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति और स्वास्थ्य विभाग को सतर्क रहने का आदेश दिया गया।


जिला पदाधिकारी ने बताया कि 05 फरवरी को मूर्ति विसर्जन अपराह्न 4 बजे तक पूरा कराने की योजना बनाई गई है। पंडाल आयोजकों से 10-12 स्वयंसेवियों के फोटो और आधार कार्ड की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कही गई। इसके अलावा, पूजा कार्यक्रम के लिए अनुमंडल पदाधिकारी और सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी से अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा।


उन्होंने यह भी बताया कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने की आवश्यकता है, जो अफवाह फैलाकर सामाजिक तनाव उत्पन्न करते हैं। ऐसे तत्वों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जो 24 घंटे कार्यरत रहेगा। जिला नियंत्रण कक्ष के संपर्क नंबर 06337-229494, 228191, 228008 और व्हाट्सएप नंबर 8235230817 पर किसी भी प्रकार की सूचना दी जा सकती है।


बैठक में अपर समाहर्ता, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला जन संपर्क पदाधिकारी, और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes

Hollywood Movies